मानव संपदा पोर्टल पर जानकारी न देने वाले कर्मियों पर सख्ती
लखनऊ: राज्य सरकार के स्पष्ट आदेश के बावजूद, राज्यकर्मी अपनी पूरी जानकारी मानव संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन देने से कतरा रहे हैं।
कार्मिक विभाग ने समीक्षा में पाया है कि प्रदेश के 36,251 कर्मियों ने अब तक अपनी संपत्तियों की जानकारी ऑनलाइन नहीं की है। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कर्मचारियों के इस रवैये पर नाराजगी जताते हुए विभागों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि मानव संपदा पोर्टल पर कार्मिकों की सर्विस बुक संबंधी सभी सूचनाएं जैसे नाम, पदनाम, विभाग, उपार्जित अवकाश, चिकित्सा अवकाश, बाल्यकाल देखभाल अवकाश, अनिवार्य रूप से दें।
विभागीय स्तर पर अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव लगातार इसकी समीक्षा करेंगे। संपत्तियों का ब्योरा न देने वाले कर्मियों को एक मौका और दिया जाएगा कि वे अनिवार्य रूप से इसे ऑनलाइन कर दें।
ऐसा न करने पर विभागाध्यक्ष नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
