जौनपुर में रंगदारी मांगने वाला नाबालिग छिवकी स्टेशन से गिरफ्तार
जौनपुर। थाना तेजी बाजार क्षेत्र में एक शिक्षक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले नाबालिग आरोपी को जीआरपी ने रविवार को छिवकी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। रंगदारी न मिलने पर आरोपी फायरिंग कर फरार हो गया था। वह मुंबई जाने के लिए ट्रेन में सवार था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
फायरिंग कर हुआ था फरार
पुलिस के अनुसार, थाना तेजी बाजार (जौनपुर) क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर एक शिक्षक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। शिक्षक द्वारा रकम देने से इन्कार करने पर आरोपी ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।
इस मामले में तेजी बाजार थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
छिवकी स्टेशन पर दबोचा गया
शनिवार को जीआरपी को सूचना मिली कि आरोपी मुंबई जाने के लिए छिवकी रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाला है।
जीआरपी प्रयागराज प्रभारी अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में छिवकी चौकी प्रभारी राजेश कुमार वर्मा की टीम ने स्टेशन व ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान आरोपी को एस-6 बोगी से गिरफ्तार कर जौनपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
ताप्ती गंगा ट्रेन से हत्या का आरोपी गिरफ्तार
इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में जीआरपी ने हत्या के वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार किया।
बलिया पुलिस ने सूचना दी थी कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी मिथुन साहनी पर पत्नी की हत्या का मुकदमा दर्ज है और वह बलिया से फरार होकर ट्रेन से जा रहा है।
सूचना पर जीआरपी ने छिवकी स्टेशन पर पहुंची ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में चेकिंग कर आरोपी को पकड़ लिया। बाद में उसे बलिया पुलिस को सौंप दिया गया।
लगातार चेकिंग से मिली सफलता
जीआरपी प्रभारी अकलेश कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशन और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान के चलते दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
पुलिस की इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
