इंस्टाग्राम की मुहब्बत बनी मुसीबत: दूल्हा बना युवक बीच रास्ते से लौटा
प्रमुख संवाददाता। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती जब प्यार में बदली, तो दोनों परिवारों तक बात पहुँची और शादी की तारीख तक तय हो गई। हल्दी की रस्म, शादी का मंडप, रिश्तेदारों की भीड़—सब कुछ तैयार था, लेकिन ऐन वक्त पर दुल्हन ने रिश्ता तोड़ दिया। दूल्हा बारात लेकर निकला जरूर, लेकिन अपनी दुल्हन के द्वार तक पहुँचने से पहले ही उसे लौटना पड़ा।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
सूत्रों के मुताबिक, बड़गांव क्षेत्र के एक गांव के युवक की इंस्टाग्राम पर बरेली निवासी एक युवती से दोस्ती हुई थी। कुछ ही दिनों में दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी और रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों ने शादी का फैसला कर लिया और 2 दिसंबर की तिथि निर्धारित कर दी।
शादी की पूरी तैयारियाँ, बारात भी चढ़ी
युवक के घर शादी की तैयारियाँ जोर-शोर से हुईं। रिश्तेदारों को न्योता दिया गया, घर में हल्दी-उबटन की रस्में हुईं और युवक को दूल्हे की पोशाक में तैयार कर बारात रवाना की गई। दूल्हा बैंड-बाजे के साथ उत्साहित होकर बरेली की ओर निकला।
देवबंद रेलवे स्टेशन पर टूटा सपना
बारात देवबंद रेलवे स्टेशन पहुँची तो दूल्हे ने अपनी होने वाली दुल्हन को फोन मिलाया। पहले फोन काट दिया गया, इसके बाद फोन ही बंद हो गया। काफी देर तक बारात रुककर इंतजार करती रही, लेकिन दुल्हन या उसके परिवार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।
मजबूरन वापस लौटा दूल्हा
घंटों इंतजार के बाद दूल्हा और उसके परिजन लाचार होकर बारात वापस घर ले आए। सोशल मीडिया से शुरू हुई इस मुहब्बत ने दूल्हे को गहरे सदमे में डाल दिया।
