ओला-उबर को नोटिस, दूरसंचार कंपनियों के टैरिफ की जांच होगी
कैब किराया और फोन रीचार्ज प्लान पर केंद्र की सख्ती
उपभोक्ताओं की शिकायतों पर केंद्र का सख्त कदम
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्र सरकार ने ओला और उबर जैसी कैब कंपनियों द्वारा एक ही स्थान के लिए अलग-अलग किराया वसूलने और दूरसंचार कंपनियों के रीचार्ज प्लान को लेकर सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को इन कंपनियों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही, भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) को टैरिफ जांच के निर्देश दिए गए हैं।
क्यों मिला ओला और उबर को नोटिस?
उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि एंड्रॉइड और आईफोन के बीच भिन्न किराया दिखाने को लेकर केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने ओला और उबर को नोटिस दिया है। इन कंपनियों को दो सप्ताह में जवाब देने के लिए कहा गया है।
सीसीपीए ने उपभोक्ता शिकायतों का लिया संज्ञान
मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में उपभोक्ताओं ने एक ही गंतव्य के लिए अलग-अलग किराये की शिकायतें की हैं। उदाहरण के तौर पर, एंड्रॉइड डिवाइस पर एक यात्रा का किराया ₹290.70 दिखा, जबकि आईफोन पर उसी यात्रा का किराया ₹342.47 बताया गया। सीसीपीए ने इन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किए हैं।
ट्राई करेगा टैरिफ प्लान की जांच
दूरसंचार कंपनियों के वॉयस और एसएमएस रिचार्ज प्लान पर भी सवाल उठे हैं। ट्राई ने कहा है कि कुछ सेवा प्रदाताओं ने नियमानुसार सात कार्य दिवसों के भीतर टैरिफ बदलाव की सूचना नहीं दी। ट्राई अब इन प्लान्स की जांच करेगा।
पहले भी सामने आए हैं ऐसे मामले
ऑपरेटिंग सिस्टम के आधार पर मूल्य भेदभाव का यह पहला मामला नहीं है। अक्टूबर 2024 में एक उपभोक्ता ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर आईफोन और एंड्रॉइड उपयोगकर्ताओं के लिए अलग-अलग कीमतों की शिकायत की थी।
एप्पल को भी जवाब देने के लिए कहा गया
आईओएस-18 सॉफ़्टवेयर अपडेट के बाद आईफोन उपयोगकर्ताओं द्वारा परफॉर्मेंस से संबंधित शिकायतें सामने आईं। स्क्रीन फ्रीज होने और आवाज गायब होने की समस्याओं पर सीसीपीए ने एप्पल से जवाब मांगा है।
उपभोक्ताओं के लिए बेहतर सेवा की पहल
ट्राई ने उपभोक्ताओं को केवल उनकी आवश्यक सेवाओं के हिसाब से भुगतान का विकल्प देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। वॉयस और एसएमएस के लिए अलग रिचार्ज वाउचर लाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
