**बलरामपुर के खंड विकास अधिकारी पर 28 लाख रुपये हड़पने का आरोप**
जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर शिकायत, मंडलायुक्त ने दिए जांच के आदेश
**जमीन के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी**
बलरामपुर में तैनात खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) साबिर अनवर पर जमीन के नाम पर 28 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। लखनऊ के फूलबाग निवासी सऊद अहमद ने मंडलायुक्त को शिकायत पत्र देकर बताया कि साबिर ने उन्हें एक बीघा जमीन देने का झांसा देकर 1 अक्तूबर 2019 को 28 लाख रुपये लिए थे।
सऊद का कहना है कि इतनी बड़ी रकम देने के बावजूद साबिर ने न तो जमीन का बैनामा किया और न ही रकम वापस लौटाई।
**मंडलायुक्त ने दिए जांच के आदेश**
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने जांच के लिए संयुक्त विकास आयुक्त राकेश पांडेय को निर्देश दिए हैं। राकेश पांडेय ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।
**आरोपी का पक्ष**
आरोपित बीडीओ साबिर अनवर ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा, “मेरा और सऊद अहमद का पुराना संबंध है। यह लेनदेन का मामला है, जिसे आपसी बातचीत से सुलझा लिया जाएगा।”
**पद का दुरुपयोग करने का आरोप**
सऊद ने आरोप लगाया कि पूर्व में रायबरेली में तैनात रहे साबिर अनवर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जमीन की खरीद-फरोख्त का काम किया। वर्तमान में साबिर बलरामपुर के जिला विकास अधिकारी के कार्यालय से संबद्ध हैं और 22 अक्तूबर 2024 को पदोन्नति पाकर बीडीओ बने हैं।
